खरगोन। वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शुक्रवार को खरगोन के बीटीआई रोड स्थित सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल में विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान, नई दिल्ली के नमामि मातरम् कार्यक्रम के तहत सामूहिक राष्ट्रगीत गायन का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं सांसद गजेंद्र पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। क्रांतिसूर्य टंट्या भील विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. मोहनलाल कोरी, कार्यक्रम संयोजक प्रतीक अग्रवाल और सुभाष बड़ोले भी मंचासीन रहे।
इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष नंदा ब्राह्मणे, पूर्व जिलाध्यक्ष परसराम चौहान, वनवासी कल्याण परिषद के कालूसिंह पथरोड़ सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों और नागरिकों ने सावधान की मुद्रा में एक स्वर में वंदे मातरम् का गायन किया।
आयोजन की खास बात यह रही कि सामूहिक गायन देशभर में एक साथ, एक ही समय पर आयोजित किया गया।
सामूहिक गायन के बाद सांसद गजेंद्र पटेल ने राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान को देश की आन-बान और शान बताते हुए वंदे मातरम् के इतिहास पर प्रकाश डाला। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वर्ष 1937 में तुष्टिकरण की राजनीति के तहत कांग्रेस ने वंदे मातरम् को टुकड़ों में बांट दिया था।