भानपुरा। नशा मुक्ति अभियान के तहत भानपुरा पुलिस ने ग्राम धनकपुरा स्थित श्मशान घाट के पास कार्रवाई करते हुए 481 किलो 592 ग्राम अवैध डोडाचूरा जब्त किया। पुलिस के अनुसार जब्त डोडाचूरा की कीमत करीब 10 लाख रुपए है। डोडाचूरा मक्का के कट्टों के बीच छिपाकर ट्रक से ले जाया जा रहा था।
पुलिस ने मौके से राजू उर्फ राजवीर सिंह राठौर (23) निवासी नयागांव को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से डोडाचूरा परिवहन में इस्तेमाल टाटा ट्रक क्रमांक आरजे 14 जीएच 6295 भी जब्त किया गया। पुलिस ने ट्रक की कीमत करीब 30 लाख रुपए बताई है।
मामले में गोपाल सिंह निवासी एमदी और दाणी सिंह निवासी डोरी को पुलिस ने फरार बताया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 एवं 29 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कार्रवाई थाना प्रभारी उपनिरीक्षक विनय बुंदेला के नेतृत्व में पुलिस टीम ने की।