चित्तौड़गढ़। बेगूं थाना पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एनएच-27 पर सुरतपुरा सीमा में नाकाबंदी के दौरान दो अलग-अलग मामलों में डोडाचूरा से भरी मारुति स्विफ्ट और ब्रेजा कार जब्त की। दोनों वाहनों से कुल 172 किलो 240 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, नाकाबंदी देखकर दोनों वाहनों के चालक उन्हें सुनसान स्थान पर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर फरार चालकों की तलाश शुरू कर दी है।
स्विफ्ट कार से मिला 46 किलो 540 ग्राम डोडाचूरा-
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि उदयपुर रेंज के महानिरीक्षक गौरव श्रीवास्तव के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गोपाल सिंह कानावत एवं बेगूं वृत्ताधिकारी अंकित कुड़ी के सुपरविजन में थानाधिकारी चम्पाराम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 24 सितंबर को एनएच-27 पर सुरतपुरा सीमा में नाकाबंदी की थी।
नाकाबंदी के दौरान पुलिस को एक मारुति स्विफ्ट कार संदिग्ध अवस्था में मिली। तलाशी लेने पर कार से 46 किलो 540 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा बरामद हुआ।
ब्रेजा कार से 125 किलो 700 ग्राम डोडाचूरा बरामद-
इसी दौरान पुलिस टीम ने एक अन्य ब्रेजा कार को भी बरामद किया। तलाशी लेने पर कार में रखे 8 कट्टों से कुल 125 किलो 700 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा बरामद हुआ।
दोनों कार्रवाइयों में पुलिस ने कुल 172 किलो 240 ग्राम डोडाचूरा और दो कारें जब्त की हैं। पुलिस के अनुसार, नाकाबंदी देखकर चालक दोनों वाहनों को मौके से ले गए और सुनसान स्थान पर छोड़कर फरार हो गए।
दो अलग-अलग प्रकरण दर्ज
मामले में थाना बेगूं पर एनडीपीएस एक्ट के तहत दो अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए हैं। फरार वाहन चालकों की तलाश के साथ ही दोनों मामलों में आगे का अनुसंधान जारी है।
पुलिस टीम-
कार्रवाई में एसआई सीताराम, एएसआई लेखराज, हेड कांस्टेबल भगवानलाल तथा कांस्टेबल रमेश, खेमाराम, मनोहर और सुमेरराम की भूमिका रही।