नीमच। नशे के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच बघाना पुलिस ने मादक पदार्थों की एक बड़ी खेप पकड़ी है। पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 642 ग्राम एमडी ड्रग्स और 5 किलो डोडाचूरा बरामद किया। पुलिस के अनुसार जब्त मादक पदार्थ की कीमत करीब 12 लाख 99 हजार रुपए है। कार्रवाई के दौरान दो मोटरसाइकिल और पांच मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
नाकाबंदी में दो बाइक से पहुंचे पांच आरोपी-
पुलिस के अनुसार, 25 सितंबर 2026 को उपनिरीक्षक रामकिशन सिंघावत को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग बघाना-छोटी सादड़ी रोड होते हुए मादक पदार्थ लेकर जा रहे हैं। सूचना पर बघाना पुलिस टीम ने ग्राम अरनिया फंटा के आमरोड पर नाकाबंदी की।
कुछ देर बाद धनेरियाकलां की ओर से एक काले रंग की हीरो स्प्लेंडर बाइक पर चार व्यक्ति आते दिखाई दिए। उनके पास प्लास्टिक का कट्टा था। पुलिस के अनुसार, उन्होंने यह कट्टा दूसरी मोटरसाइकिल पर बैठे व्यक्ति को देने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर पांचों को पकड़ लिया।
642 ग्राम एमडी और 5 किलो डोडाचूरा बरामद-
पकड़े गए आरोपियों की पहचान इस्माईल पिता अब्दुल रहमान (25), पवन पिता अमित चौहान (20), कुशाल पिता गोविंद धनकानी (20), क्रिश पिता शंकरलाल टिग्गा (20) और नाजिम हुसैन पिता राजिक हुसैन मुसलमान (23), सभी निवासी बघाना क्षेत्र, के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से कुल 642 ग्राम एमडी ड्रग्स और 5 किलो डोडाचूरा बरामद किया गया। इसके अलावा मादक पदार्थ परिवहन में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल और पांच मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए पांचों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
अफजल का नाम सामने आने का दावा-
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने मादक पदार्थ अफजल मुसलमान निवासी मंदसौर, हाल मुकाम नाका नंबर-4 बघाना से मिलने की बात बताई है। पुलिस ने अफजल को मामले में सहआरोपी बनाया है। बघाना थाने में अपराध क्रमांक 318/2026 दर्ज कर धारा 8, 22, 15 और 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत जांच शुरू की गई है। मामले में आगे का अनुसंधान जारी है।
यह सामग्री हुई जब्त
642 ग्राम एमडी ड्रग्स और 5 किलो डोडाचूरा — पुलिस के अनुसार कीमत 12.99 लाख रुपए
हीरो स्प्लेंडर बाइक RJ06BM6273 — कीमत करीब 50 हजार रुपए
एचएफ डिलक्स बाइक MP14ML2392 — कीमत करीब 50 हजार रुपए
5 मोबाइल फोन — कीमत करीब 1.50 लाख रुपए
कार्रवाई में इनकी रही भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी बघाना निरीक्षक पुष्पा सिंह चौहान, उपनिरीक्षक रामकिशन सिंघावत, प्रधान आरक्षक मनोज ओझा, आरक्षक वीरेंद्र सिंह, कारूलाल गुर्जर, प्रकाश बिष्ट तथा साइबर सेल नीमच की टीम का योगदान रहा।