मंदसौर। जिले के मऊखेड़ा गांव में रविवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक मगरमच्छ रहवासी इलाके में पहुंच गया। रात करीब 2.30 बजे ग्रामीणों की नजर मगरमच्छ पर पड़ी। उन्होंने तत्काल पुलिस की 112 सेवा को सूचना दी। पुलिस ने मामले की जानकारी वन विभाग को दी, जिसके बाद रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची।
डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद पकड़ा-
सीतामऊ परिक्षेत्र सहायक जितेंद्र सिंह पंवार के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने मगरमच्छ को घेरकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया। टीम में वनरक्षक हिमांशु गिरी, कादर और शुभम शामिल रहे। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद टीम ने सुबह 4 बजे मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया।
रेस्क्यू के दौरान टीम ने पूरी सावधानी बरतते हुए मगरमच्छ को काबू में किया। इस दौरान आसपास के ग्रामीण भी मौके पर मौजूद रहे और रेस्क्यू कार्रवाई को देखते रहे।
चंबल नदी में सुरक्षित छोड़ा-
मगरमच्छ को पकड़ने के बाद वन विभाग की टीम उसे बसई क्षेत्र में चंबल नदी के सुरक्षित स्थान पर लेकर पहुंची। यहां उसे नदी में छोड़ दिया गया। मगरमच्छ के सुरक्षित रेस्क्यू होने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
प्रशिक्षित टीम ने किया रेस्क्यू-
जिला फॉरेस्ट अधिकारी संजय रायखेरे ने बताया कि मगरमच्छ जैसे वन्यजीवों के रेस्क्यू का कार्य प्रशिक्षित टीम द्वारा पूरी सावधानी के साथ किया जाता है। मऊखेड़ा में भी टीम ने सुरक्षित तरीके से मगरमच्छ का रेस्क्यू कर उसे उपयुक्त स्थान पर छोड़ दिया।