मंदसौर। प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री तथा जिले की प्रभारी मंत्री निर्मला भूरिया अपने मंदसौर प्रवास के दौरान वार्ड क्रमांक 31 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 2 में आयोजित सेवा संकल्प सप्ताह के अंतर्गत आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में शामिल हुईं।
कार्यक्रम में विधायक गरोठ चंदरसिंह सिसोदिया, जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गा विजय पाटीदार, पूर्व अध्यक्ष प्रियंका गिरी गोस्वामी, कलेक्टर दिव्यांक सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग अंकिता पंड्या तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. द्विवेदी सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। प्रभारी मंत्री ने बच्चों के स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा आंगनबाड़ी केंद्र की गतिविधियों का अवलोकन किया।
कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को सम्मानित किया गया। साथ ही बच्चों को विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कृत किया गया।