रामपुरा। वार्ड क्रमांक 8 स्थित आंगनवाड़ी केंद्र पर सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पुष्पा सोनी एवं रामप्रसाद सोनी रहे। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता प्रीति सोनी ने कार्यक्रम का संचालन किया।
कार्यक्रम के दौरान आंगनवाड़ी केंद्र परिसर में वृक्षारोपण कर स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। वहीं लाड़ली लक्ष्मी योजना की लाभार्थी बालिका ने अपनी सफलता की कहानी साझा की। लाड़ली बहना योजना की हितग्राही महिला ने योजना का लाभ मिलने पर मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस दौरान गर्भवती महिला की गोद भराई की रस्म भी आयोजित की गई। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY), लाड़ली लक्ष्मी योजना, लाड़ली बहना योजना सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही हितग्राहियों को THR (टेक होम राशन) का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं, बालिकाओं और बच्चों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना तथा स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा।