रामपुरा। 26 सितंबर की शाम अचानक मौसम ने करवट ली और तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। करीब 15 से 20 मिनट तक हुई तेज बारिश से नगर के बाजार में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बारिश से बचने के लिए लोग सुरक्षित स्थानों की ओर जाते नजर आए। सड़कों पर पानी बहने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि बारिश ने उमस और गर्मी से राहत दिलाई, लेकिन कुछ देर के लिए बाजार की रफ्तार थम गई।
अचानक हुई बारिश ने किसानों की चिंता भी बढ़ा दी है। खेतों में कटी हुई सोयाबीन, उड़द, मूंग और तिल की फसल खुले में पड़ी होने से इनके खराब होने की आशंका है। किसानों का कहना है कि यदि बारिश का दौर आगे भी जारी रहा तो खेतों में पड़ी फसलों को नुकसान हो सकता है और उनकी मेहनत पर पानी फिर सकता है।
वहीं नगर के गणमान्य नागरिकों ने बिजली व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि बारिश शुरू होते ही नगर की विद्युत सप्लाई बंद हो जाती है और बारिश थमने के बाद भी कई घंटों तक बिजली बहाल नहीं होती। नागरिकों का सवाल है कि जब बिजली कंपनी मानसून पूर्व घंटों तक बिजली सप्लाई बंद रखकर मेंटेनेंस कार्य करती है, तो बारिश के दौरान बार-बार बिजली क्यों बंद हो जाती है। लोगों ने विद्युत व्यवस्था में सुधार कर बारिश के दौरान होने वाली अनावश्यक बिजली कटौती से राहत दिलाने की मांग की है।