चित्तौड़गढ़। बड़ीसादड़ी थाना पुलिस ने करीब एक साल से फरार चल रहे ट्रैक्टर चोरी के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी की तलाश शिवगढ़, मंदसौर और रतलाम क्षेत्रों में की जा रही थी। गिरफ्तार आरोपी की पहचान करण पिता पूनमचंद वसुनिया (भील), निवासी खाखरापाड़ा, थाना शिवगढ़, जिला रतलाम (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, खांखरिया जी का खेड़ा निवासी रघुवीर सिंह राणावत ने 7 जून 2025 को रिपोर्ट दी थी कि उनका स्वराज ट्रैक्टर क्रमांक RJ 09 RE 1621 चालक देव नारायण ने भौपतपुरा स्थित पामेचा पंप के पास खड़ा किया था। रात में अज्ञात व्यक्ति ट्रैक्टर चोरी कर ले गया। रिपोर्ट पर बड़ीसादड़ी थाने में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक चित्तौड़गढ़ धर्मेंद्र सिंह यादव के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह और पुलिस उप अधीक्षक बड़ीसादड़ी हरिशचंद्र सिंह के निर्देशन में थानाधिकारी भगवानलाल के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने तलाश के बाद आरोपी करण वसुनिया को गिरफ्तार किया।
पहले दो आरोपी हो चुके गिरफ्तार-
पुलिस के अनुसार, मामले में पूर्व में पप्पू झोडिया और सुनील गोदा को गिरफ्तार किया जा चुका है। उनके कब्जे से चोरी किया गया ट्रैक्टर मय ट्रॉली बरामद कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया था।
गिरफ्तार आरोपी से चोरी की अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। कार्रवाई में थानाधिकारी भगवानलाल, एएसआई हरिराम, कांस्टेबल दिनेश कुमार, बाबूलाल, रामप्रसाद और सुनील कुमार शामिल रहे।