पिपलियामंडी। मंदसौर जिले के पिपलियामंडी में शुक्रवार देर रात ढाबे पर खाना खाने को लेकर शुरू हुआ विवाद कुछ ही देर में मारपीट में बदल गया। आरोप है कि दो भाइयों ने तीन लोगों पर लाठी, तलवार और चाकू से हमला कर दिया। हमले में तीनों घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए मंदसौर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, पिपलियामंडी निवासी परमानंद डाबी (45), सोनू डाबी (30) और ग्राम जोगनी निवासी गोपाल चौहान कनघट्टी मार्ग स्थित एक ढाबे पर खाना खाने गए थे। इसी दौरान ढाबे पर सांप निकलने की बात को लेकर परमानंद और गोविंद के बीच गाली-गलौज हो गई।
विवाद के बाद साथियों को लेकर लौटा युवक-
घायल पक्ष के अनुसार, विवाद के बाद गोविंद अपने भाई गोपाल को लेकर वापस आया और मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि दोनों ने लाठी, तलवार और चाकू से हमला किया। हमले में परमानंद के सिर में करीब 10 टांके, सोनू के सिर में 8 टांके और गोपाल चौहान के सिर में करीब 7-8 टांके लगे। तीनों के हाथ-पैर में भी चोटें आई हैं। घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए मंदसौर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला-
पिपलियामंडी पुलिस ने गोविंद पिता मांगीलाल बावरी और गोपाल पिता मांगीलाल बावरी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है और घटना के कारणों सहित पूरे मामले की जांच में जुटी है।
घायल पक्ष का कहना है कि आरोपियों से उनका पहले से कोई विवाद नहीं था और वे उन्हें पहले से नहीं जानते थे। पुलिस द्वारा दोनों पक्षों के बयानों एवं घटनाक्रम के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।