चित्तौड़गढ़। निंबाहेड़ा स्थित जेके सीमेंट वर्क्स में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी गणेशोत्सव पर्व श्रद्धा, भक्ति और हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। ऑफिसर्स कॉलोनी में स्थापित सिद्धि विनायक भगवान श्री गणेश जी की विशाल प्रतिमा के समक्ष दस दिनों तक धार्मिक आयोजनों के साथ विभिन्न कार्यक्रम एवं प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। गणेशोत्सव के समापन अवसर पर शुक्रवार को शुभ मुहूर्त में विधि-विधान एवं धार्मिक परंपराओं के साथ भगवान श्री गणेश की प्रतिमा का विसर्जन किया गया।
विसर्जन के दौरान गणपति बप्पा के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश से सुख-समृद्धि, शांति, खुशहाली एवं क्षेत्र की उन्नति की कामना की। गणेशोत्सव के दस दिनों के दौरान जेके सीमेंट वर्क्स की गणेशोत्सव समिति की ओर से विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें ऑफिसर्स कॉलोनी के स्टाफ एवं परिवारजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिताओं के विजेताओं को किया पुरस्कृत
गणेशोत्सव के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को जेके सीमेंट वर्क्स के यूनिट हेड मनीष तोषनीवाल द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। पुरस्कार पाकर प्रतिभागियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। इस अवसर पर उन्होंने प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए ऐसे आयोजनों को आपसी सौहार्द, सहभागिता और पारिवारिक जुड़ाव को बढ़ावा देने वाला बताया।
गणेश विसर्जन के बाद हुआ स्नेहभोज
भगवान श्री गणेश की प्रतिमा के विसर्जन के उपरांत शुक्रवार शाम जेके सीमेंट वर्क्स की ओर से ऑफिसर्स कॉलोनी के स्टाफ एवं निंबाहेड़ा क्षेत्र के मीडियाकर्मियों के लिए स्नेहभोज (महाप्रसाद) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने स्नेहभोज का आनंद लिया तथा गणेशोत्सव के सफल एवं भक्तिमय आयोजन के लिए जेके सीमेंट वर्क्स परिवार को शुभकामनाएं दीं।
मीडियाकर्मियों का किया आत्मीय सम्मान
इस अवसर पर जेके सीमेंट वर्क्स के यूनिट हेड मनीष तोषनीवाल ने निंबाहेड़ा क्षेत्र के उपस्थित मीडियाकर्मियों का भी आत्मीय सम्मान किया। उन्होंने गणेशोत्सव के आयोजन में मीडिया के सहयोग एवं सकारात्मक सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में एचआर हेड प्रभाकर मिश्रा सहित जेके सीमेंट वर्क्स के अधिकारी, कर्मचारी एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। समारोह का वातावरण आपसी सौहार्द, अपनत्व और धार्मिक आस्था से ओतप्रोत रहा।
अंत में उपस्थित समस्त मीडियाकर्मियों ने यूनिट हेड मनीष तोषनीवाल, एचआर हेड प्रभाकर मिश्रा,चतव भुवनेश सिंह सहित जेके सीमेंट वर्क्स के समस्त अधिकारी-कर्मचारियों को गणेशोत्सव की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं तथा भगवान श्री गणेश से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं मंगलमयता बनाए रखने की प्रार्थना की।