चित्तौड़गढ़। स्पिक मैके की ओर से आयोजित वर्कशॉप डेमोंसट्रेशन के तहत जिले के दो राजकीय विद्यालयों में अंतरराष्ट्रीय मोहिनीअट्टम कलाकार जूनी मेनन ने नृत्य प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को भारतीय शास्त्रीय नृत्य की विभिन्न मुद्राओं, अभिनय एवं कथानक की जानकारी भी दी गई।
पहली प्रस्तुति राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय धनेत कलां में गोविंद चतुर्वेदी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। इस अवसर पर देवेंद्र चौहान, रेणुका भट्ट, बाबूलाल नरवर, सुनीता जागेटिया, कमलेश राणावत, सावन शर्मा, अजीत चौधरी, लीला, प्रवीण, सुमित शर्मा एवं किरण शर्मा सहित अन्य उपस्थित रहे।
दूसरी प्रस्तुति राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बल्दरखा में प्रधानाचार्य गोपाल लाल पटवा की अध्यक्षता में हुई। कार्यक्रम में रवीश यादव, दिनेश सिंह गुर्जर, रेखा सुखवाल, संगीता घायल, शीला नावेरिया, सूफिया सुल्तान एवं नारायणी शर्मा उपस्थित रहे।
विद्यार्थियों को समझाई नृत्य की मुद्राएं-
स्पिक मैके के समन्वयक दिनेश हासीजा ने बताया कि दोनों विद्यालयों में कलाकार जूनी मेनन ने विद्यार्थियों को मंच पर बुलाकर अभिनय में प्रयोग की जाने वाली विभिन्न मुद्राओं और उनकी अभिव्यक्ति के बारे में जानकारी दी।
प्रस्तुति के दौरान कलाकार ने शुद्ध नृत्य के माध्यम से चोली कट के अंतर्गत बालक मार्कंडेय की कथा को अभिनय के जरिए प्रस्तुत किया। इसके साथ ही भगवान शिव का वर्णन, भगवान गणेश की विशेषताओं तथा वराह अवतार की कथा को भी नृत्य एवं भाव-भंगिमाओं के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। विद्यार्थियों ने प्रस्तुतियों में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।