जावद। नीमच जिले के जावद थाना क्षेत्र में शादी के नाम पर ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। कथित ष्लुटेरी दुल्हनष् गिरोह ने एक युवक को विवाह का झांसा देकर पहले 3 लाख रुपये वसूले और फिर शादी के महज 17 दिन बाद लाखों रुपये के जेवरात एवं नकदी लेकर फरार हो गई। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार तारापुर निवासी ओमकारलाल माली ने जावद थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि 15 मई 2026 को कुछ लोगों ने उसके परिवार से संपर्क कर विवाह कराने का भरोसा दिलाया। आरोप है कि उन्होंने सरिता उर्फ चंपा नामक युवती से उसकी मुलाकात करवाई और शादी कराने के बदले 3 लाख रुपये नकद की मांग की। परिवार ने विवाह की सहमति देते हुए उक्त राशि दे दी, जिसके बाद 18 मई 2026 को भूरा गांव में दोनों का विवाह करा दिया गया।
पीड़ित के अनुसार विवाह के बाद सरिता कुछ दिनों तक ससुराल में रही, लेकिन समय-समय पर मायके जाने की बात कहती रही। 4 जून की रात एक व्यक्ति ने स्वयं को उसका भाई बताते हुए फोन किया। इसके बाद सरिता उस व्यक्ति के साथ वाहन में बैठकर चली गई और फिर वापस नहीं लौटी।
पीड़ित का आरोप है कि जाते समय वह घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण और 37 हजार रुपये नकद भी अपने साथ ले गई। चोरी गए सामान में सोने का टीका, कान के टॉप्स, मंगलसूत्र, करीब 250 ग्राम चांदी का कंदोरा, 300 ग्राम चांदी की पायल, बिछिया और अंगूठी शामिल हैं।
ओमकारलाल ने पुलिस को बताया कि यह पूरा घटनाक्रम सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया। शादी के नाम पर पहले लाखों रुपये लिए गए और बाद में दुल्हन को फरार कराकर गहने व नकदी भी हड़प ली गई। शिकायत में कई लोगों को नामजद किया गया है, जिनकी भूमिका की जांच की जा रही है।
जावद थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों और फरार महिला की तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह मामला प्रदेश में सक्रिय कथित ष्लुटेरी दुल्हनष् गिरोह की कार्यप्रणाली से मिलता-जुलता माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह शादी के नाम पर संगठित ठगी का एक बड़ा मामला साबित हो सकता है।