नीमच। नगर की प्रथम नागरिक नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति गौरव चौपड़ा ने अध्यक्ष पद का पदभार ग्रहण करते वक्त शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाने का संकल्प लिया था। चौपड़ा के प्रयासों से उनका यह संकल्प अब साकार होता नज़र आ रहा हैं। शहर में दिन-रात सफ़ाई कामगार शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाने के लिए कार्य कर रहें हैं।
वहीं अब नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चौपड़ा ने नागरिकों की सुविधा के लिए और शहर को स्वच्छ बनाने के उद्देश्य से एक और पहल करते हुए मोबाईल मित्र का शुभारंभ किया हैं। स्वच्छ नीमच अभियान के अंतर्गत चौपड़ा ने मोबाईल मित्र का शुभारंभ करने के साथ ही चार अलग-अलग सफ़ाई कामगारों की टीम का गठन भी किया हैं। इस पहल से अब शहर के किसी भी क्षेत्र में गंदगी होने की शिकायत मिलने पर 48 घंटे के अंदर ही उससे निजात पाई जा सकती हैं।
नगर पालिका सीएमओ गरिमा पाटीदार व स्वास्थ्य सभापति धर्मेश पुरोहित एवं स्वास्थ अधिकारी श्याम टांकवाल ने प्रेसनोट जारी कर संयुक्त रुप से बताया कि स्वच्छ नीमच और सुंदर नीमच के संकल्प को पूरा करने के लिए मोबाईल मित्र योजना का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति गौरव चौपड़ा के निर्देश पर किया गया हैं। उन्होंने बताया कि निकाय द्वारा स्वच्छता संबंधित शिकायतों के निराकरण के लिए मोबाईल नंबर जारी किया गया हैं, जिस पर सुबह 09 बजे से शाम 06 बजे तक फोन के माध्यम से या व्हाट्स्प पर फ़ोटो भेज कर शिकायत दर्ज करवाई जा सकती हैं और उस संबधित शिकायत का 48 घंटे के भीतर ही निराकरण किया जाएगा। फोन पर मिलने वाली शिकायतों के लिए अलग से चार गैंग बनाई गईं हैं।
शिकायत के क्या हैं प्रकार, और किस नंबर पर दर्ज़ करानी हैं शिकायत-
शहर का कोई भी नागरिक किसी भी स्थान पर कचरे कूड़े का ढेर, मृत पशु, सड़क सफाई, ड्रेनेज संबंधी व डोर टू डोर कचरा वाहन की शिकायत मोबाईल नंबर 74770-17747 पर दर्ज़ करवा सकता हैं। स्वास्थ्य सभापति धर्मेश पुरोहित ने बताया कि यदि कोई भी नागरिक फ़ोटो भेज कर यदि अपनी शिकायत दर्ज़ करवा रहा हैं, तो वो इस बात का विशेष ख्याल रखें की कहा की शिकायत की जा रहीं हैं। गंदगी के ढेर के साथ उक्त स्थान भी दिखाई दें। इस तरह से फ़ोटो भेजा जाए, ताकि शिकायत का त्वरित समाधान किया जा सके।