खरगोन। आज के दौर में जहां युवा पीढ़ी आधुनिक जीवनशैली की ओर तेजी से बढ़ रही है, वहीं तीन युवाओं ने परिवार और अपनी अर्धांगिनियों के साथ नर्मदा परिक्रमा पर निकलकर आस्था, संस्कार और सनातन परंपरा की अनूठी मिसाल पेश की है।
खरगोन जिले के कसरावद क्षेत्र के अक्षय सिंह राठौर, एडवोकेट, ललित और डॉ. मिश्रीलाल शाह तीनों अपने परिवारों के साथ भगवान ओंकारेश्वर-ममलेश्वर ज्योतिर्लिंग से करीब 3600 किलोमीटर की पैदल नर्मदा परिक्रमा यात्रा पर निकले हैं।
इसी यात्रा के दौरान श्रद्धालु ग्राम नंगावा पहुंचे, जहां कांग्रेस नेता भीम सिंह पटेल मुलठान के गृह गांव स्थित निवास पर उनका आत्मीय स्वागत किया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं को बालभोग कराया गया और पुष्पहार पहनाकर उनकी यात्रा की सफलता एवं मंगलमय पूर्णता की कामना की गई।
इस धार्मिक और आत्मीय अवसर पर पूर्व जनपद अध्यक्ष अमर सिंह पटेल पीपलगोन, राधेश्याम पटेल, भगवान सिंह पटेल, उत्तम सिंह चौहान, काशीराम चौहान, अनिल बिरला सहित ग्राम नंगावा के कई परिवारजन उपस्थित रहे।
परिवार सहित नर्मदा परिक्रमा पर निकले इन श्रद्धालुओं की यात्रा आस्था, पारिवारिक एकजुटता और भारतीय धार्मिक परंपराओं के प्रति समर्पण का संदेश दे रही है।