जयपुर। राजस्थान में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के प्रभाव से प्रदेश के कई जिलों में बादल छाने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, 29 और 30 अक्टूबर को प्रदेश के कुछ हिस्सों में मौसम बदलेगा। इसे देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक, 29 अक्टूबर को जयपुर, भरतपुर और कोटा समेत कई जिलों में बारिश के आसार हैं। इस दौरान कुछ स्थानों पर मेघगर्जन के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। पूर्वी राजस्थान के भरतपुर, जयपुर, अजमेर और कोटा संभाग के कुछ हिस्सों में इसका असर अधिक दिखाई दे सकता है। वहीं, पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग में भी मौसम प्रभावित होने की संभावना है।
दिन में गर्मी, रात में सर्दी का एहसास
प्रदेश में फिलहाल दिन के समय गर्मी का असर बना हुआ है, जबकि रात के तापमान में गिरावट से सुबह-शाम ठंडक बढ़ने लगी है। सोमवार को बाड़मेर 37.8 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। जोधपुर और पाली के जवाई क्षेत्र में 36.4 डिग्री, जालोर में 35.9 डिग्री और चित्तौड़गढ़ में 35.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
माउंट आबू में 12.4 डिग्री पहुंचा पारा
रात के तापमान की बात करें तो माउंट आबू प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सिरोही में 14.4 डिग्री, पिलानी में 15.5 डिग्री, सीकर में 15.8 डिग्री और फतेहपुर में 15.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।
बारिश के बाद बढ़ सकती है ठंड
मौसम में संभावित बदलाव से दिन के तापमान में गिरावट और सुबह-शाम ठंडक बढ़ने की संभावना है। हालांकि, बारिश का असर सभी जिलों में एक जैसा नहीं रहेगा। ऐसे में मौसम विभाग के स्थानीय पूर्वानुमान और चेतावनियों पर नजर रखना जरूरी है।
राजस्थान में अब नजर 29 और 30 अक्टूबर पर टिकी है। चक्रवाती तंत्र का असर कितना व्यापक होगा, यह आने वाले दिनों में मौसम की स्थिति से स्पष्ट होगा।