देवास। चंदाना गांव में हुई कई लोगों की मौतों के मामले को लेकर मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी मंगलवार को देवास पहुंचे। उनके साथ बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और मृतकों के परिजन मौजूद रहे। कांग्रेस ने कलेक्टर कार्यालय का घेराव करने के बजाय कार्यालय के बाहर मुख्य मार्ग पर चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान सैकड़ों कार्यकर्ता सड़क पर बैठ गए।
चंदाना गांव में पिछले दिनों हुई मौतों को लेकर मृतकों के परिजनों ने शराब पीने से मौत होने की आशंका जताई थी। इस मामले में जीतू पटवारी ने पहले ही चेतावनी दी थी कि यदि उचित कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस कलेक्टर कार्यालय का घेराव करेगी।
इसी चेतावनी के तहत मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ता और मृतकों के परिजन कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि कई लोगों की मौत के बाद शराब ठेकेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई थी, लेकिन अब तक कोई बड़ी कार्रवाई नहीं हुई है।
कांग्रेस ने मांग की कि मामले में संबंधित शराब ठेकेदारों के खिलाफ धारा 302 और 307 के तहत थ्प्त् दर्ज कर हत्या के प्रयास एवं हत्या से संबंधित कार्रवाई की जाए।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही दोषियों के खिलाफ धारा 302 के तहत थ्प्त् दर्ज नहीं की गई तो आने वाले दिनों में इंदौर और उज्जैन होते हुए देवास में 50 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं के साथ बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
वहीं, पूरे मामले को लेकर एसडीएम अभिषेक शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जिन लोगों के पोस्टमार्टम कराए गए हैं, उनकी रिपोर्ट आना बाकी है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद सामने आने वाले तथ्यों और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, चंदाना गांव में हुई मौतों के कारणों को लेकर पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष सामने आना बाकी हैं।