चित्तौड़गढ़। महिला सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 11 से 19 अक्टूबर 2026 तक चलाए गए ऑपरेशन शक्ति सुरक्षा अभियान के तहत चित्तौड़गढ़ पुलिस ने व्यापक स्तर पर जागरूकता गतिविधियां संचालित कीं। अभियान के दौरान करीब 11 हजार महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों और नए कानूनों की जानकारी दी गई। वहीं, एक हजार से अधिक महिलाओं के मोबाइल में राजकॉप सिटीजन ऐप डाउनलोड करवाया गया। इसके अलावा, महिलाओं से अभद्रता करने वाले 15 मनचलों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान कालिका पेट्रोलिंग टीम ने डिकॉय ऑपरेशन के माध्यम से महिलाओं से अभद्रता करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। साथ ही, महिलाओं को सुरक्षा के उपायों, महिला गरिमा हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन हेल्पलाइन 112 और साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 के बारे में जानकारी दी गई। साइबर अपराधों से बचाव के तरीकों के प्रति भी जागरूक किया गया।
अभियान में उत्कृष्ट कार्य और प्रभावी परिणामों को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने कालिका पेट्रोलिंग टीम के पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया। इसके साथ ही, महिला सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और अभियान में योगदान देने वाले चार सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स- खुशी साहू, अमीषा चौहान, हर्षित प्रजापत और पूर्वा साहू को भी सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया।
कालिका टीम प्रभारी पुलिस निरीक्षक सुनीता गुर्जर, महिला थाना अधिकारी रेणु खोईवाल और एसआई चंद्रा कंवर को 1,000-1,000 रुपये के रिवॉर्ड रोल प्रदान किए गए। वहीं, सोशल मीडिया सेल प्रभारी एएसआई सत्यनारायण को 2,000 रुपये का रिवॉर्ड रोल दिया गया। कालिका पेट्रोलिंग टीम की सभी महिला पुलिसकर्मियों को 500-500 रुपये के रिवॉर्ड रोल और प्रशंसा पत्र प्रदान किए गए।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने सभी के प्रयासों की सराहना करते हुए महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने, महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने, साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी देने और पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत करने के लिए इसी तरह समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।