खनियाधाना। किसानों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। कृषि उपज मंडी खनियांधाना में मूंगफली की सरकारी और अधिकृत डाक बोली प्रक्रिया आधिकारिक रूप से प्रारंभ हो गई है। अब किसान अपनी मेहनत की फसल को सीधे मंडी परिसर में लाकर उचित और प्रतिस्पर्धी दामों पर बेच सकेंगे।मंडी सचिव के सख्त निर्देशरू बाहर खरीद पर कसेगा शिकंजा मंडी प्रशासन ने किसानों के हितों की रक्षा और व्यापार में पारदर्शिता लाने के लिए कड़ा रुख अपनाया है। मंडी सचिव विश्वनाथ सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी व्यापारियों को मंडी परिसर के भीतर ही किसानों की उपज की खरीदी करनी होगी। यदि कोई भी व्यापारी मंडी परिसर के बाहर अनधिकृत रूप से किसानों की उपज खरीदते हुए पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का यह कदम मंडी के राजस्व को सुरक्षित रखने और किसानों को बिचौलियों के शोषण से बचाने के लिए उठाया गया है।
किसानों से विशेष अपील’
मंडी सचिव विश्वनाथ सिंह ने क्षेत्र के सभी अन्नदाताओं से अपील की है कि वे अपनी फसल को बिचौलियों के बहकावे में आकर बाहर न बेचें। किसान अपनी उपज को सीधे कृषि उपज मंडी खनियांधाना में लाएं, जहां खुली डाक बोली के माध्यम से उन्हें उनकी फसल का सही, पारदर्शी और उचित दाम मिल सके। मंडी में उपज बेचने से किसानों को तौल की पूरी पारदर्शिता और सुरक्षा का लाभ भी मिलता है।