नीमच। आयुष विभाग के अंतर्गत शासकीय आयुर्वेदिक औषधालय पिपलियारावजी द्वारा मंगलवार को माध्यमिक विद्यालय बर्डिया जागीर में आयुर्वेदिक चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 36 बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यकतानुसार निःशुल्क आयुर्वेदिक औषधियां वितरित की गईं। साथ ही बच्चों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी दिया गया।
शिविर में बच्चों की श्वास संबंधी समस्याओं, खांसी, चर्म रोग, दंत एवं मुख रोग, कान-नाक-गला संबंधी परेशानी, अग्निमांद्य, अरुचि, उदर रोग और मौसमी बीमारियों की जांच की गई। बच्चों को बदलते मौसम में होने वाली बीमारियों से बचाव के उपाय भी बताए गए।
आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. आबिद खान ने बच्चों को व्यक्तिगत स्वच्छता, संतुलित एवं पौष्टिक आहार और नियमित दिनचर्या के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने नशामुक्ति, तनाव प्रबंधन और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए भी प्रेरित किया। इस दौरान बच्चों ने आयुर्वेद एवं स्वास्थ्य से जुड़े सवाल पूछे, जिनका समाधान किया गया।
शिविर में पंचायत सदस्य, आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. आबिद खान, कंपाउंडर गोपाल कृष्ण गंधर्व, विद्यालय के प्राचार्य और शिक्षकगण उपस्थित रहे।