नीमच। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले के विधानसभा क्षेत्र 228-मनासा, 229-नीमच और 230-जावद में फोटो निर्वाचक नामावली के संक्षिप्त पुनरीक्षण का कार्य किया जा रहा है। इसके तहत 1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए 21 एवं 22 नवंबर तथा 5 एवं 6 दिसंबर 2026 को जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, मध्यप्रदेश, भोपाल के निर्देशानुसार आयोजित इन शिविरों में 18-19 वर्ष आयु वर्ग के नए मतदाताओं सहित मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 12 नवंबर 2026 को निर्वाचक नामावली के प्रारूप का प्रकाशन किया जाएगा, जबकि 4 जनवरी 2027 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन होगा।
पात्र नागरिकों से शिविरों का लाभ लेने की अपील-
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के दिव्यांगजनों, प्रवासियों, वरिष्ठ नागरिकों, 18-19 वर्ष आयु वर्ग के नए मतदाताओं और अन्य पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों पर आयोजित विशेष शिविरों में पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने की प्रक्रिया पूरी करें। उन्होंने सभी पात्र नागरिकों से पुनरीक्षण कार्यक्रम का लाभ उठाकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराना सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।