मंदसौर। जिला स्तरीय जनसुनवाई मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित की गई। कलेक्टर दिव्यांक सिंह ने आवेदकों की समस्याएं सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवेदनों की जांच कर समयबद्ध निराकरण करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में कुल 67 आवेदन प्राप्त हुए। इस दौरान अपर कलेक्टर एकता जायसवाल, जिला पंचायत सीईओ अनुकूल जैन सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
जनसुनवाई में ग्राम बापच्या निवासी भेरूलाल ने आरसीसी निर्माण और नाली सुधारने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। इस पर सीईओ जनपद पंचायत सीतामऊ को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। वहीं, मंदसौर निवासी मुकेश ने सार्वजनिक गली में अवैध निर्माण की शिकायत की, जिस पर नगर पालिका मंदसौर के सीएमओ को जांच कर उचित कार्रवाई करने के लिए कहा गया।
इसी प्रकार ग्राम करनालीखेड़ा निवासी किशनलाल ने कृषि भूमि पर कब्जा दिलाने के संबंध में आवेदन दिया। इस पर तहसीलदार सीतामऊ को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई में आवासीय पट्टा जारी करने, संबल योजना का लाभ दिलाने, आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने, मनरेगा के अंतर्गत कपिलधारा कूप निर्माण, भू-अधिकार योजना का लाभ दिलाने, रास्ता खुलवाने, खसरा नकल में नाम दर्ज कराने तथा शासकीय रास्ता खुलवाने सहित विभिन्न समस्याओं से जुड़े आवेदन भी प्राप्त हुए। इसके अलावा संत रविदास योजना का लाभ दिलाने संबंधी आवेदन भी प्रस्तुत किए गए। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को सभी आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।