चित्तौड़गढ़। पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तहत मतदाता जागरूकता बढ़ाने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में आमजन की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को पंचायत समिति भूपालसागर में ब्लॉक स्तरीय मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला कलक्टर डॉ. मंजू के निर्देशन एवं जिला स्वीप अधिकारी विनय पाठक के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान भूपालसागर तालाब की पाल पर 501 दीप प्रज्वलित कर दीपदान किया गया। साथ ही आकर्षक रंगोली सजाकर ग्रामीणों को अधिकाधिक मतदान करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में जिला स्वीप सहायक प्रभारी अधिकारी एवं जिला परिषद के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी जितेंद्र सिंह ने उपस्थित ग्रामीणों, अधिकारियों और कर्मचारियों को मतदाता शपथ दिलाई। उन्होंने आगामी पंचायतीराज चुनाव में निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने तथा लोकतंत्र को मजबूत बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
जितेंद्र सिंह ने बताया कि पंचायतीराज चुनाव के तृतीय चरण में 3 नवंबर को जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों तथा 5 नवंबर को सरपंच एवं वार्ड पंचों के चुनाव होंगे। मतदान का समय सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक निर्धारित है। उन्होंने सभी मतदाताओं से निर्धारित तिथियों पर मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान ब्लॉक के शिक्षकों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने दीपदान कर मतदाता जागरूकता का संदेश दिया। इस अवसर पर पारस टेलर ने मतदान गीत प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को मतदान के प्रति प्रेरित किया।
कार्यक्रम में भूपालसागर विकास अधिकारी महेश शर्मा, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी ताज मोहम्मद, जिला परिषद के अतिरिक्त विकास अधिकारी कमलेश सहलोत, जगदीश चावला, वीडियो नवनीत सोनी तथा जिला स्वीप टीम के सदस्य भरत कुमार लड्ढा, रेखा चौधरी, राजेंद्र कुमार व्यास, देवीचरण पचौरी और नारायण शर्मा सहित अन्य कार्मिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन पारस टेलर ने किया।