चित्तौड़गढ़। नगर परिषद चित्तौड़गढ़ की ओर से शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान नगर परिषद सभापति अनिल इनाणी, अधिशासी अभियंता जितेंद्र मीणा एवं सहायक अभियंता सतीश ने सफाई व्यवस्था का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान शहर में स्वच्छता की स्थिति, सफाई कार्यों की नियमितता और सफाई कर्मचारियों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति पंजिका की जांच करते हुए उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने निर्देशित किया कि शहर के सभी क्षेत्रों में नियमित रूप से सफाई करवाई जाए। सड़कों, गलियों, नालियों और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाए। साथ ही, कचरे का समय पर उठाव सुनिश्चित करने और सफाई कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता सामने आने पर संबंधित कार्मिक की जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए गए।
सफाई कर्मचारियों के अवकाश को लेकर भी स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए। अधिकारियों ने कहा कि सक्षम अधिकारी की पूर्व स्वीकृति के बिना किसी भी कर्मचारी का आकस्मिक अवकाश (सीएल), चिकित्सा अवकाश या अन्य किसी प्रकार का अवकाश स्वीकृत नहीं किया जाए। संबंधित अधिकारियों एवं पर्यवेक्षकों को अवकाश संबंधी नियमों की पालना सुनिश्चित करने के साथ कर्मचारियों की उपस्थिति और कार्यों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त, सफाई कार्यों की प्रभावी मॉनिटरिंग करने, निर्धारित समय पर सफाई व्यवस्था संचालित करने और आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखना नगर परिषद की प्राथमिकता है तथा सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
नगर परिषद की ओर से शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए नियमित निरीक्षण और निगरानी की जा रही है।