शाजापुर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आज 28 अक्टूबर 2026 को शाजापुर जिले के ग्राम कुलमनखेड़ी एवं रंथभंवर में भ्रमण कार्यक्रम प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने आवश्यक व्यवस्थाओं की तैयारियां शुरू कर दी हैं। कलेक्टर डॉ. परीक्षित संजयराव झाड़े ने कार्यक्रम के सुचारू संचालन के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी हैं।
मुख्यमंत्री के संपूर्ण भ्रमण कार्यक्रम के लिए अपर कलेक्टर काशीराम बड़ौले को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व शाजापुर मनीषा वास्कले को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है।
कलेक्टर ने मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने संबंधित विभागों के जिला अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने और आपसी समन्वय बनाए रखने के लिए निर्देशित किया है।
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित भ्रमण को लेकर जिला प्रशासन व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटा है।