चित्तौड़गढ़। चित्तौड़गढ़ पुलिस ने आमजन को पुलिस जनसुनवाई से जुड़ी जानकारी आसानी से उपलब्ध कराने के लिए एक अभिनव डिजिटल पहल की है। जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह जोधा के मार्गदर्शन में तैयार किए गए डिजिटल पोर्टल spchittorgarh.online के माध्यम से नागरिक घर बैठे पुलिस अधिकारियों की उपलब्धता, जनसुनवाई का समय, कक्ष संख्या और संपर्क विवरण प्राप्त कर सकेंगे। इससे लोगों को अनावश्यक आवागमन से राहत मिलेगी और समय व पैसे की बचत होगी।
पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि जिले में डिजिटल पुलिसिंग और जनसुविधाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चित्तौड़गढ़ के युवा उद्यमियों कुश शर्मा (संस्थापक) एवं लव शर्मा (सह-संस्थापक) की कंपनी ChittorTech ने इस पोर्टल को तैयार किया है। पोर्टल पर अधिकारियों की उपलब्धता और जनसुनवाई से संबंधित जानकारी रियल टाइम में अपडेट करने की व्यवस्था की गई है। इससे नागरिक घर से निकलने से पहले ही आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
पोर्टल पर जिले के थानाधिकारियों (एसएचओ), पुलिस उपाधीक्षकों और साइबर सेल के संपर्क नंबर, सीयूजी मोबाइल नंबर, लैंडलाइन, आधिकारिक ईमेल तथा सीधे व्हाट्सएप चैट की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा साइबर अपराध और डिजिटल अरेस्ट के प्रति जागरूकता संबंधी जानकारी के साथ साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930, महिला हेल्पलाइन नंबर 1090 और आपातकालीन सेवा नंबर 112 भी उपलब्ध कराए गए हैं।
दूर-दराज के ग्रामीणों को मिलेगा विशेष लाभ
रावतभाटा, बेगूं, कपासन, बड़ीसादड़ी, निम्बाहेड़ा और डूंगला जैसे दूरस्थ क्षेत्रों से जिला मुख्यालय आने वाले लोगों को इस पहल से विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है। कई बार ग्रामीणों को 50 से 100 किलोमीटर तक की यात्रा करनी पड़ती है। अधिकारियों की अनुपलब्धता के कारण उन्हें बिना काम हुए वापस लौटना पड़ता है। ऐसे में पोर्टल के माध्यम से पहले ही जानकारी मिलने से अनावश्यक यात्रा, समय और खर्च में कमी आएगी।
पुलिस थानों, वृत्ताधिकारी कार्यालयों और चौकियों पर क्यूआर कोड लगाने की भी योजना है। इससे आमजन अपने मोबाइल से क्यूआर कोड स्कैन कर सीधे पोर्टल पर पहुंच सकेंगे और आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
स्थानीय युवाओं ने डिजिटल तकनीक से जिले को सशक्त बनाने का लिया संकल्प
पोर्टल तैयार करने वाले युवा उद्यमी कुश शर्मा और लव शर्मा पूर्व जिला कलेक्टर आलोक रंजन के मार्गदर्शन में राजस्थान सरकार की पंच गौरव योजना के अंतर्गत पर्यटक स्वागत केंद्र (टीआरसी) के सहयोग से चित्तौड़गढ़ दुर्ग की आधिकारिक वेबसाइट के निर्माण में भी योगदान दे चुके हैं।
मल्टीनेशनल कंपनियों में करियर के अवसरों को छोड़कर अपने गृह जिले चित्तौड़गढ़ को डिजिटल तकनीक से सशक्त बनाने के उद्देश्य से दोनों युवाओं ने ChittorTech स्टार्टअप की स्थापना की। इसके माध्यम से वे सरकारी और गैर-सरकारी क्षेत्रों के लिए तकनीकी समाधान विकसित कर रहे हैं।
पुलिस जनसुनवाई पोर्टल इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। दोनों संस्थापकों ने पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन और प्रोत्साहन के लिए आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी जिले में डिजिटल सेवाओं, साइबर सुरक्षा और जनहित से जुड़े तकनीकी नवाचारों में योगदान देने की प्रतिबद्धता जताई।