विश्व की जानी-मानी पर्वतारोही डॉ. मनस्वी अग्रवाल एक बार फिर माउंट आबू पहुंचीं, जहां उनकी असाधारण उपलब्धियों को लेकर विभिन्न सामाजिक एवं शैक्षणिक संगठनों ने उनका सम्मान किया। माउंट एवरेस्ट सहित पांच महाद्वीपों की सर्वोच्च चोटियों पर महज नौ महीने के रिकॉर्ड समय में चढ़ाई कर देश का नाम रोशन करने वाली डॉ. मनस्वी का माउंट आबू से विशेष लगाव रहा है। उन्होंने यहां स्थित स्वामी विवेकानंद पर्वतारोहण संस्थान में चार वर्षों तक प्रशिक्षण प्राप्त किया था। यही कारण है कि वे माउंट आबू को अपना दूसरा घर मानती हैं।
रोटरी क्लब ने किया सम्मान, साझा किए पर्वतारोहण के अनुभव
25 अक्टूबर को रोटरी क्लब ऑफ माउंट आबू अर्बुदांचल की ओर से क्लब हाउस में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान क्लब के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने डॉ. मनस्वी अग्रवाल को पर्वतारोहण के क्षेत्र में उनकी उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया।
समारोह में डॉ. मनस्वी ने माउंट एवरेस्ट सहित विभिन्न पर्वत चोटियों पर चढ़ाई के दौरान सामने आई चुनौतियों और रोमांचक अनुभवों को साझा किया। उन्होंने बताया कि कठिन मौसम, विपरीत परिस्थितियों और शारीरिक चुनौतियों के बावजूद लक्ष्य के प्रति समर्पण और दृढ़ इच्छाशक्ति ही सफलता का मार्ग प्रशस्त करती है। उनके अनुभवों ने उपस्थित लोगों, विशेषकर युवाओं को अपने सपनों के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी।
नगरपालिका अध्यक्ष सुनील आचार्य और पत्रकार अनिल ऐरन का भी अभिनंदन
कार्यक्रम में माउंट आबू नगरपालिका अध्यक्ष सुनील आचार्य का भी रोटरी क्लब के सदस्यों ने स्वागत किया। नगरपालिका चुनाव में उनकी जीत पर बधाई देते हुए शहर के विकास और जनहित से जुड़े प्रयासों की सराहना की गई। इस अवसर पर पत्रकार अनिल कुमार ऐरन का भी अभिनंदन किया गया।
समारोह में क्लब अध्यक्ष रोटेरियन मणिवराज सिंह गेहलोत, सचिव देवांग अग्रवाल, कोषाध्यक्ष मनोज अग्रवाल सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
ब्रह्माकुमारी के नव दशक महोत्सव में भी मिला सम्मान
प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के 90 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शांतिवन में आयोजित नव दशक महोत्सव में भी डॉ. मनस्वी अग्रवाल को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मंच पर संस्था के अतिरिक्त महासचिव बीके मृत्युंजय ने उन्हें सम्मान प्रदान किया।
इसके अलावा माउंट आबू पहुंचने पर रोटरी क्लब ऑफ माउंट आबू अर्बुदांचल, स्वयंसेवक संघ, आदर्श विद्या मंदिर, शंकर विद्यापीठ और सिरोही जिला फुटबॉल एसोसिएशन सहित विभिन्न संगठनों ने भी उनका अभिनंदन किया।
डॉ. मनस्वी ने माउंट आबू से जुड़ी अपनी पुरानी यादों को साझा करते हुए कहा कि यहां बिताया प्रशिक्षण का समय उनके पर्वतारोहण जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है। उनकी सफलता युवाओं के लिए साहस, अनुशासन और दृढ़ संकल्प की प्रेरणादायक मिसाल बन गई है।