मनासा। नीमच जिले के मनासा विधानसभा क्षेत्र में आयोजित की जा रही विकास यात्राओं के क्रम में गुरुवार को विधायक अनिरुद्ध मारू के नेतृत्व में ग्राम रावतपुरा से विकास यात्रा का शुभारंभ हुआ। रावतपुरा की ग्राम चौपाल पर ग्रामीणों से संवाद करते हुए विधायक मारू ने ग्रामीणों को क्षेत्र में हुए विकास कार्यों के बारे में विस्तार से बताया तथा मध्यप्रदेश शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं का आह्वान किया कि वे लाडली बहना योजना के तहत 5 मार्च से अपने आवेदन अवश्य करें।
विकास यात्रा रावतपुरा से प्रारंभ होकर ग्राम भेरपुरा पहुंची। ग्राम भैरपुरा की चौपाल पर ग्रामीणों से संवाद करते हुए विधायक मारू ने कहा, कि लाड़ली बहना योजना से महिलाओं के जीवन में काफी बदलाव आयेगा। वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनेगी। विधायक मारू ने कहा, कि गांधी सागर से जल जीवन मिशन योजना के तहत जिले की हर घर नल से जल प्रदाय की योजना स्वीकृत होकर उसका कार्य प्रारंभ हो गया है। इस योजना से हर घर से नल से 24 घंटे पीने का शुद्ध जल मिलेगा। विधायक मारू ने कहा, कि गांधी सागर से जिले के लिए उद्वहन सिंचाई योजना भी स्वीकृत हो गई है। इस योजना से गांधी सागर का पानी सिंचाई के लिए क्षेत्र के किसानों के खेतों में पहुंचेगा। क्षेत्र में हरियाली और खुशहाली आएगी। विकास यात्रा गुरूवार को रावतपुरा से प्रारंभ होकर भेरपुरा, भाटखेडी, बालांगज, जमुनिया रावजी, दातोली, मालखेडा होते हुए पडदा पहुंचकर विकास यात्रा का समापन हुआ। विकास यात्रा में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक विधायक मारू एवं विकास यात्रा का स्वागत किया। गांव-गांव में कलश यात्राएं निकाली गई। विधायक मारू ने मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान के तहत हितग्राहियों को लाभपत्र भी वितरित किए।
इस मौके पर जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, एसडीएम पवन बारिया व अधिकारी, कर्मचारी तथा बडी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।