नीमच। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नगरीय निकायों की फोटोयुक्त मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण-2026 के द्वितीय चरण की समय-सारणी में संशोधन किया गया है। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार अब मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने अथवा संशोधन संबंधी दावा-आपत्तियां 15 जून 2026 को अपराह्न 3 बजे तक दर्ज कराई जा सकेंगी। पूर्व में यह अवधि 25 मई तक निर्धारित थी।
उप जिला निर्वाचन कार्यालय नीमच से प्राप्त जानकारी के अनुसार दावा-आपत्तियों के निराकरण की प्रक्रिया 25 जून तक पूर्ण की जाएगी। इसके बाद ईआरएमएस (ERMS) में प्रविष्टियां 30 जून तक की जाएंगी।
संशोधित कार्यक्रम के तहत अंतिम फोटोयुक्त मतदाता सूची 9 जुलाई 2026 को तैयार की जाएगी, जबकि 10 जुलाई तक फोटोरहित अंतिम मतदाता सूची आयोग की वेबसाइट पर अपलोड की जाएगी। इसके बाद 18 जुलाई 2026 को नगरीय निकायों के संबंधित वार्डों में अंतिम मतदाता सूची का सार्वजनिक प्रकाशन किया जाएगा।
राज्य निर्वाचन आयोग ने सभी संबंधित अधिकारियों को संशोधित समय-सारणी का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।