रतलाम। रतलाम जिले के सरसी गांव के युवा खिलाड़ी सुयश बंबोरिया (धाकड़) का चयन बैंकॉक में आयोजित होने वाली एशियन पिकलबॉल चैंपियनशिप के लिए हुआ है। यह अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता 26 से 30 जुलाई 2026 तक बैंकॉक के पिकलबॉल एरीना में आयोजित होगी, जिसमें सुयश ऑल इंडिया पिकलबॉल एसोसिएशन (AIPA) की ओर से भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
सुयश का चयन हाल के महीनों में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर हुआ है। उन्होंने पिछले दो महीनों में इंदौर, पुणे और मुंबई में आयोजित चार राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया और प्रथम एवं द्वितीय स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
वर्तमान में सुयश विक्रमादित्य पिकलबॉल संगठन का प्रतिनिधित्व करते हुए मुंबई में अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण ले रहे हैं। वे ऑक्सफोर्ड स्कूल, जावरा में कक्षा 11वीं के छात्र हैं। उनकी इस उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधन ने भी उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।
सुयश के चयन से सरसी गांव में खुशी का माहौल है। उनके दादाजी बाबूलाल टिपदार और अंकल अमरीश बंबोरिया सहित परिजनों और ग्रामीणों ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
सुयश के पिता डॉ. सुखदेव बंबोरिया ने बताया कि पिकलबॉल भारत में तेजी से लोकप्रिय हो रहा खेल है। यह लॉन टेनिस, बैडमिंटन और टेबल टेनिस का मिश्रित स्वरूप है, जिसमें 12 वर्ष से लेकर 65 वर्ष तक की आयु के खिलाड़ी फेडरेशन के नियमों के अनुसार भाग ले सकते हैं।