सेगांव। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, खंड सेगांव-मंडल सेगांव की ओर से शनिवार को नगर में भव्य पथ संचलन निकाला गया। भगवा ध्वज के साथ अनुशासित कतारों में कदम से कदम मिलाकर चलते स्वयंसेवकों का नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। पथ संचलन के दौरान भारत माता की जय और संघ के उद्घोष से नगर का माहौल गूंज उठा।
पथ संचलन की शुरुआत शाम 4 बजे मातेश्वरी जिनिंग से हुई। इसमें बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों ने पूर्ण गणवेश में भाग लिया। सफेद शर्ट, खाकी फुल पैंट और काली टोपी पहने स्वयंसेवक हाथों में दंड लेकर अनुशासित तरीके से नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरे।
जगह-जगह पुष्पवर्षा कर किया स्वागत
पथ संचलन के मार्ग में माताओं-बहनों, युवाओं और नगरवासियों ने पुष्पवर्षा कर स्वयंसेवकों का स्वागत किया। इस दौरान भारत माता की जय और चलो संघ की ओर जैसे नारे भी लगाए गए। संचलन मातेश्वरी जिनिंग से शुरू होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए वापस अपने निर्धारित गंतव्य पर पहुंचा।
संगठित समाज और राष्ट्र सेवा का संदेश
आयोजकों के अनुसार पथ संचलन का उद्देश्य संगठन, संस्कार और समर्पण की भावना को मजबूत करना तथा समाज में एकता का संदेश देना रहा। डॉ. हेडगेवार के विचारों को आत्मसात कर राष्ट्र सेवा के संकल्प के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में जिला और खंड स्तर के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित रहे।