नीमच। दीपावली पर्व के दौरान ऑनलाइन शॉपिंग, आकर्षक छूट, रिचार्ज ऑफर और गिफ्ट के नाम पर साइबर ठग सक्रिय हो जाते हैं। ऐसे में नीमच पुलिस ने नागरिकों को ऑनलाइन ठगी से बचने के लिए सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस ने सोशल मीडिया के माध्यम से जागरूकता संदेश जारी कर ऑनलाइन शॉपिंग स्कैम, रिचार्ज स्कैम और एपीके (APK) फाइल के जरिए होने वाली साइबर ठगी से बचाव के उपाय बताए हैं।
फर्जी वेबसाइट और आकर्षक छूट से रहें सावधान-
पुलिस ने बताया कि साइबर ठग दीपावली सेल के नाम पर 90 प्रतिशत तक छूट जैसे आकर्षक ऑफर देकर फर्जी वेबसाइट और सोशल मीडिया लिंक भेजते हैं। ऐसी वेबसाइटों पर खरीदारी करने या अनजान लिंक के माध्यम से भुगतान करने से बचें। ऑनलाइन शॉपिंग के लिए केवल विश्वसनीय और अधिकृत ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म, जैसे अमेजन और फ्लिपकार्ट का ही उपयोग करें।
कैशबैक और डबल रिचार्ज के झांसे में न आएं-
₹100, ₹200 और ₹500 के आकर्षक कैशबैक या डबल रिचार्ज ऑफर के नाम पर भेजे जाने वाले संदेशों और अनजान लिंक से सावधान रहें। मोबाइल रिचार्ज हमेशा आधिकारिक ऐप या विश्वसनीय पोर्टल के माध्यम से ही करें।
APK फाइल डाउनलोड करने से बचें-
नीमच पुलिस ने चेताया कि ‘Diwali Gift’, ‘Special Offer’, ‘Coupon’ और ‘App Update’ के नाम पर भेजी जाने वाली अनजान APK फाइल डाउनलोड न करें। ऐसी फाइलों में मैलवेयर हो सकता है, जिससे मोबाइल का डेटा, बैंकिंग संबंधी जानकारी और ओटीपी चोरी होने का खतरा रहता है। ऐप हमेशा Google Play Store या आधिकारिक ऐप स्टोर से ही डाउनलोड करें।
इन सावधानियों का रखें ध्यान
- किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें।
- ओटीपी, यूपीआई पिन, पासवर्ड और बैंक संबंधी जानकारी किसी से साझा न करें।
- वेबसाइट का URL ध्यान से जांचें और उसकी विश्वसनीयता सुनिश्चित करें।
- लालच देने वाले ऑफर, गिफ्ट, लॉटरी और कैशबैक संदेशों से सावधान रहें।
- मोबाइल में एंटीवायरस और सिक्योरिटी अपडेट रखें।
- किसी भी संदिग्ध लेन-देन की तुरंत शिकायत करें।
साइबर ठगी होने पर तुरंत करें शिकायत-
पुलिस ने बताया कि साइबर ठगी का शिकार होने पर बिना देरी किए राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं या राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें। इसके अलावा जिले के थानों में स्थापित साइबर हेल्प डेस्क की मदद भी ली जा सकती है।
नीमच पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि दीपावली के दौरान ऑनलाइन लेन-देन करते समय सावधानी बरतें। पुलिस का संदेश है- “सतर्कता ही सुरक्षा है। ऑनलाइन रहें, लेकिन सुरक्षित रहें।”