देवास। त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट और अमानक सामग्री की बिक्री पर रोक लगाने के लिए कलेक्टर नेहा मीना द्वारा गठित संयुक्त जांच दलों ने जिलेभर में कार्रवाई की। देवास शहर, खातेगांव और बागली (चापड़ा) क्षेत्र में खाद्य निर्माण इकाइयों, मिठाई दुकानों और डेयरियों की जांच के दौरान 1,050 किलोग्राम से अधिक अमानक एवं मिलावटी मिठाइयों के साथ 30 लीटर अमानक दूध का विनष्टीकरण कराया गया। इसके अलावा कई प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए तथा घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग पर भी कार्रवाई की गई।
देवास शहर में 1,020 किलो मिठाई कराई नष्ट-
संयुक्त जांच दल ने देवास के नयापुरा स्थित न्यू स्वदेशी स्वीट्स पर एनालॉग मावे से तैयार 770 किलोग्राम सामग्री जब्त कर तत्काल नष्ट कराई। प्रतिष्ठान में घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग पाए जाने पर दो सिलेंडर जब्त किए गए। नापतौल विभाग ने भी अनियमितताओं पर कार्रवाई की। संबंधित फर्म का खाद्य लाइसेंस निरस्त कराने के लिए सक्षम प्राधिकारी को प्रस्ताव भेजा जाएगा।
स्टेशन रोड स्थित राजस्थान स्वीट्स पर एनालॉग मावे से तैयार करीब 200 किलोग्राम मिठाई बिक्री के लिए रखी मिली, जिसे नष्ट कराया गया। लाल गेट स्थित रेखा मिष्ठान भंडार में मावा बर्फी में चींटियां और दूषित वातावरण पाए जाने पर करीब 50 किलोग्राम बर्फी का विनष्टीकरण कराया गया।
हनुमान बाखल, अखाड़ा रोड स्थित गायत्री स्वीट्स से मावा बर्फी और बूंदी के लड्डू के नमूने लिए गए। यहां घरेलू गैस का व्यावसायिक उपयोग मिलने पर एक सिलेंडर जब्त किया गया। वहीं, भोपाल चौराहा स्थित जोधपुर स्वीट्स से मावा मिठाई के दो, आवास नगर स्थित नवीन मिल्क प्रोडक्ट से दो तथा स्टेशन रोड स्थित माहेश्वरी स्वीट्स से मावा मिठाई के दो विधिक नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए।
खातेगांव और बागली में भी जांच एवं कार्रवाई-
खातेगांव के वार्ड क्रमांक 3 स्थित राजस्थान मिष्ठान भंडार से एनालॉग मावे से तैयार करीब 30 किलोग्राम मिठाई और 30 लीटर अमानक दूध नष्ट कराया गया। तीन बत्ती चौराहा स्थित राजस्थान स्वीट्स से बंगाली मिठाई और मलाई बर्फी, संदलपुर स्थित होटल एच.आर. ग्रीन एंड रिसॉर्ट से पनीर तथा खातेगांव के प्रकाश स्वीट्स से मावा निर्मित मिठाइयों के नमूने लिए गए।
इसी प्रकार बागली और चापड़ा क्षेत्र में श्री सांवरिया स्वीट्स बागली, बालाजी मिष्ठान भंडार चापड़ा तथा श्री मनमाने स्वीट्स चापड़ा से मावा और मिठाइयों के विधिक नमूने संग्रहित किए गए।
4 नवंबर को भी की गई थी कार्रवाई-
इसके पूर्व 4 नवंबर को देवास में कैलादेवी चौराहा स्थित जोधपुर स्वीट्स से दो, विकास नगर स्थित स्वास्तिक रेस्टोरेंट एंड कैटरर्स से बेसन मिठाई के चार तथा रसूलपुर चौराहा स्थित बलराम नमकीन से मावा और ड्रायफ्रूट मिठाई के तीन नमूने लिए गए थे। कैलादेवी चौराहा स्थित मुरैना गजक भंडार में घरेलू गैस का व्यावसायिक उपयोग पाए जाने पर एक सिलेंडर जब्त किया गया था। वहीं, एम.जी. रोड स्थित बलराम बेकरी पर नापतौल विभाग ने वैधानिक कार्रवाई की थी।
जांच दलों द्वारा संग्रहित सभी नमूनों को सील कर परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।