खरगोन। जिले के कसरावद में दीपावली पर्व के पांच दिवसीय उत्सव की शुरुआत धनतेरस के साथ हुई। इस अवसर पर कसरावद के बाजारों में सुबह से ही रौनक देखने को मिली। शुभ मुहूर्त में खरीदारी करने के लिए लोगों की बाजारों में भारी भीड़ उमड़ पड़ी। नगर के सराफा बाजार, बर्तन बाजार, इलेक्ट्रॉनिक मार्केट और कपड़ा दुकानों पर ग्राहकों की अच्छी खासी चहल-पहल रही। धनतेरस पर सोने-चांदी के आभूषण, चांदी के सिक्के, नए बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और कपड़ों की जमकर खरीदारी हुई। वहीं दीपावली पूजन के लिए पारंपरिक देसी मिट्टी के दीपक, फूल-मालाएं, लक्ष्मी माता की तस्वीरें, झाड़ू और पूजन सामग्री की दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ देखने को मिली। इस बार बाजारों में पारंपरिक देसी दीपकों के प्रति लोगों का विशेष आकर्षण नजर आया दुकानदारों के अनुसार दोपहर 3 बजे के बाद बाजारों में ग्राहकों की भीड़ तेजी से बढ़ी और शाम होते-होते खरीदारी ने जोर पकड़ लिया। देर शाम तक बाजारों में रौनक बनी रही। महिलाओं और बच्चों में भी त्योहार को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। कुल मिलाकर धनतेरस पर कसरावद का बाजार पूरी तरह दीपावली के रंग में रंगा नजर आया और व्यापारियों के चेहरों पर अच्छी ग्राहकी से खुशी देखने को मिली।