मंदसौर। दीपावली के अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने फुटपाथ पर दुकान लगाकर आजीविका चलाने वाले छोटे व्यापारियों के साथ खुशियां बांटने की पहल की। शनिवार को कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने महाराणा प्रताप चौराहे से बस स्टैंड तक करीब 400 पैकेट मिठाई वितरित किए। इस दौरान लगभग 80 किलो मिठाई बांटी गई।
चौराहों से होते हुए बस स्टैंड तक पहुंचे कार्यकर्ता-
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मिठाई वितरण की शुरुआत महाराणा प्रताप चौराहे से की। इसके बाद सरदार वल्लभभाई पटेल चौराहा, गांधी चौराहा और रानी लक्ष्मीबाई चौराहे होते हुए बस स्टैंड पहुंचे। इस दौरान फल-सब्जी, दीपक, सजावटी सामान, जूते-चप्पल, रंगोली के रंग और फूल बेचने वाले फुटपाथी दुकानदारों को मिठाई के पैकेट दिए गए।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष इष्टा भाचावत ने बताया कि बाजार में कई दुकानों पर एक जैसी सामग्री उपलब्ध होती है। ऐसे में ग्राहक किसी एक दुकान से खरीदारी करते हैं, तो दूसरे दुकानदार खरीदारी से वंचित रह जाते हैं। इसी भावना के साथ सभी छोटे व्यापारियों के बीच दीपावली की खुशियां बांटने का निर्णय लिया गया। उन्होंने सभी के जीवन में खुशहाली और मां लक्ष्मी की कृपा बने रहने की कामना की।
इस दौरान विधायक विपिन जैन, इष्टा भाचावत, मनजीत सिंह टुटेजा, रमेश ब्रिजवानी, राखी सत्रावाला, सुनीता बंडी, दिनेश कल्याणी, सरला कल्याणी, अमीन खान, मुकेश सेठिया, नितेश सतीदसानी, सोनिया जैन, सम्यक जैन, पिंकी गौड़, मनोहर नाहटा, राजनारायण लाड़, दिनेश जेठानिया, दशरथ राठौर, सुनीता माली सहित अन्य कांग्रेसजन मौजूद रहे।
कार छोड़ टू-व्हीलर से बाजार आने की अपील-
कांग्रेस पदाधिकारियों ने शहरवासियों से दीपावली की खरीदारी के लिए कार के बजाय दोपहिया वाहन से बाजार आने की अपील की। साथ ही स्थानीय दुकानदारों से ही सामान खरीदने का आग्रह किया। उनका कहना है कि इससे छोटे व्यापारियों को कारोबार में सहयोग मिलेगा और शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या कम करने में भी मदद मिलेगी।