पिपलिया मंडी। नगर के प्रसिद्ध निक्कू हेयर सैलून के संचालक एवं युवा हेयर आर्टिस्ट नितेश 'निक्कू' सोलंकी ने इंदौर में आयोजित नेशनल आर्टिस्ट चैंपियनशिप–2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए मेन्स हेयरकट (Barbering New Trend) प्रतियोगिता में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर पूरे देश में तीसरा स्थान प्राप्त किया। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने पिपलिया मंडी, मंदसौर जिले एवं मध्यप्रदेश का गौरव बढ़ाया है।
प्रतियोगिता में देशभर से आए अनुभवी हेयर आर्टिस्टों के बीच कड़े मुकाबले के बाद नितेश सोलंकी ने अपनी उत्कृष्ट कला का प्रदर्शन करते हुए पोडियम फिनिश हासिल की और ट्रॉफी अपने नाम की। उनकी इस सफलता से नगर सहित पूरे क्षेत्र में हर्ष और उत्साह का वातावरण है।
राष्ट्रीय स्तर पर मिली इस उपलब्धि का श्रेय नितेश 'निक्कू' सोलंकी ने अपने गुरु एवं मार्गदर्शक दशरथ जी परमार (लकी प्राइम सैलून, मंदसौर) को दिया। उन्होंने कहा कि गुरु के मार्गदर्शन, निरंतर अभ्यास और परिवार व साथियों के सहयोग से ही यह सफलता संभव हो सकी।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता से लौटने पर नितेश 'निक्कू' सोलंकी का पिपलिया मंडी रेलवे स्टेशन आगमन हुआ, जहां नगरवासियों, मित्रों एवं शुभचिंतकों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत कर मिठाई खिलाकर एवं पुष्पमालाओं से सम्मानित किया।
इस अवसर पर दशरथ जी परमार, यश परमार, रामनिवास सेन, विशाल सेन, आदित्य सेन एवं अभिषेक सेन सहित अनेक गणमान्य नागरिक, हेयर आर्टिस्ट एवं शुभचिंतक उपस्थित रहे। सभी ने नितेश सोलंकी की इस उपलब्धि को क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायी बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।