ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में दीपावली पर भी समय पर वेतन नहीं मिलने से नाराज मुरार जिला अस्पताल के आउटसोर्स सफाई कर्मचारियों ने काम बंद कर विरोध जताया। कर्मचारियों ने अस्पताल प्रबंधन के मैनेजर और आरएमओ पर लापरवाही के आरोप लगाए। हंगामे की सूचना पर पूर्व विधायक मुन्नालाल गोयल अस्पताल पहुंचे और कर्मचारियों की समस्या सुनी। वहीं सिविल सर्जन ने आज सभी के खातों में वेतन पहुंचने का आश्वासन दिया है।
कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से वेतन भुगतान में देरी हो रही है। दीपावली जैसे त्योहार पर भी मेहनताना नहीं मिलने से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया। पूर्व विधायक मुन्नालाल गोयल ने कर्मचारियों से चर्चा कर उनकी मांग सुनी। इसके बाद सिविल सर्जन सीमा जायसवाल ने भरोसा दिलाया कि आज सभी कर्मचारियों के खातों में वेतन जमा करा दिया जाएगा। अब देखना होगा कि यह आश्वासन कब तक पूरा होता है।