देवास। त्योहारों के दौरान लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों के खिलाफ देवास जिला प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। कलेक्टर नेहा मीना के निर्देश पर खाद्य विभाग, खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग और नापतौल विभाग की संयुक्त टीमें जिलेभर में लगातार कार्रवाई कर रही हैं। अभियान के तहत अब तक करीब साढ़े 10 क्विंटल अमानक मावा और उससे बनी मिठाइयां जब्त की जा चुकी हैं।
संयुक्त टीम द्वारा मिठाई दुकानों और खाद्य सामग्री बेचने वाले प्रतिष्ठानों पर पहुंचकर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के साथ तौल उपकरणों की भी जांच की जा रही है। कार्रवाई के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले संबंधित प्रतिष्ठान संचालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है।
प्रशासन ने जब्त की गई अमानक खाद्य सामग्री को तेनजिंग ग्राउंड पहुंचाकर नष्ट कराया, ताकि मिलावटी और अमानक सामग्री दोबारा बाजार में बिक्री के लिए नहीं पहुंच सके।
कलेक्टर नेहा मीना ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान मिलावट करने और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि आमजन को शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए जिलेभर में जांच और कार्रवाई का अभियान लगातार जारी रहेगा।