कसरावद। खरगोन जिले के कसरावद में नाका पैनल के तत्वावधान में आयोजित 6 दिवसीय रात्रिकालीन टेनिस बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट का रोमांचक फाइनल मुकाबले के साथ समापन हुआ। फाइनल में वार्ड नंबर 9 की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चौंपियन का खिताब अपने नाम किया, जबकि वार्ड नंबर 4 की टीम उपविजेता रही।
खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और युवाओं को खेल के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रतियोगिता का शुभारंभ 30 नवंबर को हुआ था। टूर्नामेंट में नगर के सभी 15 वार्डों की टीमों ने हिस्सा लेकर खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
पूरे टूर्नामेंट में शानदार बल्लेबाजी करने वाले लल्ली पाटीदार को मैन ऑफ द सीरीज चुना गया। पुरस्कार स्वरूप विजेता वार्ड-9 की टीम को 11 हजार रुपए, उपविजेता वार्ड-4 की टीम को 7 हजार रुपए और मैन ऑफ द सीरीज लल्ली पाटीदार को 2100 रुपए की नकद राशि प्रदान की गई।
पुरस्कार वितरण समारोह में नगर परिषद उपाध्यक्ष प्रतिनिधि पप्पू सोनी, नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि राजेंद्र यादव और नाका पैनल के पदाधिकारियों ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को सम्मानित किया।
वहीं वार्ड-9 की टीम के चौंपियन बनते ही मैदान आतिशबाजी से जगमगा उठा। खिलाड़ियों और दर्शकों ने तालियों के साथ जीत का जश्न मनाया।