नीमच। आगामी त्योहारों के मद्देनजर जिले में शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा टीम ने राजस्व अधिकारियों और नगर पालिका के सहयोग से मनासा, कुकड़ेश्वर और रामपुरा में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान मिठाई, नमकीन, दूध और अन्य खाद्य पदार्थों के कुल 25 नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए।
मनासा में 7 खाद्य नमूने लिए-
मनासा में खाद्य सुरक्षा विभाग और नगर पालिका की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए श्रीनाथ दूध डेयरी से मिश्रित दूध, मावा और पनीर के नमूने लिए। वहीं, श्याम भोग प्रतिष्ठान से घी, दूध बर्फी, दूध पेड़ा और मलाई बर्फी के कुल 4 नमूने जांच के लिए एकत्रित किए गए।
कुकड़ेश्वर में 13 नमूनों का संकलन-
नायब तहसीलदार कुकड़ेश्वर के साथ खाद्य सुरक्षा टीम ने विभिन्न मिठाई एवं खाद्य प्रतिष्ठानों का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान जोधपुर मिष्ठान भंडार से मलाई बर्फी, चॉकलेट बर्फी, पिस्ता बर्फी, गुलाब जामुन और गुलाब पाक के 5 नमूने लिए गए।
कृष्ण स्वीट्स से मावा बर्फी के 3 और सेव नमकीन का 1 नमूना लिया गया। वहीं, असली गुरु चेला स्वीट्स से गुलाब जामुन, सेव पपड़ी और मावा बर्फी के कुल 4 नमूने जांच के लिए एकत्रित किए गए।
रामपुरा में 5 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए-
रामपुरा में खाद्य सुरक्षा टीम ने न्यू महावीर दूध डेयरी का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान घी, पनीर, दूध और दही सहित कुल 5 खाद्य नमूने लिए गए।
प्रयोगशाला रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई-
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा विभिन्न प्रतिष्ठानों से लिए गए सभी 25 नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, ईदगाह, भोपाल भेजा गया है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के निर्धारित नियमों और गुणवत्ता मानकों का पालन करते हुए कारोबार संचालित करने के निर्देश दिए गए। विभाग के अनुसार त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की शुद्धता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जिले में आकस्मिक निरीक्षण एवं नमूना लेने की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।