चित्तौड़गढ़। राजस्थान के प्रसिद्ध कृष्णधाम सांवरिया सेठ मंदिर में एक श्रद्धालु की अनोखी भेंट चर्चा का विषय बनी हुई है। जालोर से आए एक भक्त ने भगवान सांवरिया सेठ को 21 ग्राम सोने से तैयार दिल भेंट किया है। इस सोने के दिल की कीमत 3 लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है।
दरअसल, श्रद्धालु हृदय संबंधी बीमारी से जूझ रहा था। बीमारी के दौरान उसने सांवरिया सेठ के दरबार में अपने सफल इलाज और हार्ट के ऑपरेशन की मन्नत मांगी थी। ऑपरेशन सफल होने और स्वस्थ होने के बाद श्रद्धालु अपनी मन्नत पूरी करने मंदिर पहुंचा और भगवान के चरणों में सोने का दिल अर्पित कर आभार जताया।
मंदिर मंडल के गजेंद्र गौड़ ने बताया कि जालोर से आए श्रद्धालु ने मंदिर के भेंट कक्ष में यह अनोखी भेंट जमा करवाई है। भक्त ने अपनी पहचान सार्वजनिक नहीं की है।
कृष्णधाम सांवरियाजी में श्रद्धालुओं की आस्था अलग-अलग रूपों में देखने को मिलती है। कोई व्यापार में सफलता मिलने पर, तो कोई नौकरी लगने, विवाह होने या परिवार में खुशियां आने पर भगवान को भेंट चढ़ाकर धन्यवाद देता है। इस बार स्वस्थ जीवन की कामना पूरी होने पर सोने का दिल चढ़ाने की भेंट श्रद्धालुओं के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।