मंदसौर। कलेक्टर दिव्यांक सिंह के आदेशानुसार जिले में अवैध मदिरा के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत राजस्व एवं आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने शामगढ़ क्षेत्र में कार्रवाई की। टीम ने विभिन्न ढाबों और दुकानों की तलाशी लेकर कुल 41.52 बल्क लीटर अवैध मदिरा जब्त की। इस मामले में दो प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिए गए हैं।
जिला आबकारी अधिकारी के निर्देशन में तहसीलदार शामगढ़ एवं आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने क्षेत्र के विभिन्न ढाबों और दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान हरिपुरा फंटा स्थित जय माता दी ढाबे की तलाशी ली गई। यहां से श्याम सिंह पिता तेर सिंह राजपूत के कब्जे से 46 बीयर केन, 26 पाव देशी प्लेन, 5 पाव देशी मसाला और 8 बोतल अवैध मदिरा जब्त की गई।
इसी क्रम में ग्राम देवरी स्थित एक गुमटी की तलाशी के दौरान नरेंद्र सिंह पिता गोपाल सिंह राजपूत के पास से 43 पाव देशी प्लेन मदिरा जब्त की गई।
दो प्रकरण दर्ज, कार्रवाई जारी-
संयुक्त कार्रवाई में कुल 41.52 बल्क लीटर अवैध मदिरा जब्त की गई। दोनों आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 (संशोधन 2000) की धारा 34(1)(क) के तहत कुल दो प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिए गए हैं। आबकारी विभाग के अनुसार जिले में अवैध रूप से मदिरा के विक्रय, परिवहन और संग्रहण पर रोक लगाने के लिए अभियान के तहत कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।