शाजापुर। धनतेरस के अवसर पर शाजापुर पुलिस ने 105 लोगों के चेहरों पर मुस्कान लौटा दी। लंबे समय से गुम हुए 105 मोबाइल फोन पुलिस ने खोजकर उनके असली उपयोगकर्ताओं को वापस सौंपे। इन मोबाइलों की कुल कीमत करीब 16 लाख रुपए बताई जा रही है। त्योहार के मौके पर मोबाइल वापस मिलने से लोगों की खुशी दोगुनी हो गई और उन्होंने पुलिस की त्वरित कार्रवाई के लिए आभार जताया।
पुलिस अधीक्षक प्रियंका शुक्ला ने बताया कि जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में साइबर सेल के कर्मचारी नियुक्त किए गए हैं, जो साइबर अपराधों पर नजर रखने के साथ गुम हुए मोबाइलों की तलाश में भी लगातार जुटे रहते हैं। इसी अभियान के तहत शुक्रवार को धनतेरस के दिन 105 मोबाइल बरामद कर उनके उपयोगकर्ताओं को लौटाए गए।
एसपी ने बताया कि इससे पहले भी कोतवाली थाना क्षेत्र में 20 लाख रुपए से अधिक कीमत के गुम मोबाइल बरामद कर लोगों को वापस सौंपे गए थे। शाजापुर पुलिस साइबर अपराधों पर नियंत्रण और तकनीक के माध्यम से अपराधों की रोकथाम के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
मोबाइल वापस मिलने पर उपयोगकर्ताओं ने बताया कि पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते उन्हें बेहद कम समय में अपने गुम हुए मोबाइल वापस मिल गए। लोगों ने शाजापुर पुलिस का धन्यवाद करते हुए पुलिस की इस पहल की सराहना की। धनतेरस के दिन मोबाइल मिलने से लोगों के लिए त्योहार की खुशियां दोगुनी हो गईं।