देवास। दीपावली पर्व के मद्देनजर पटाखों के अवैध संग्रहण और लाइसेंस की शर्तों के विपरीत पटाखों की बिक्री को लेकर जिला प्रशासन सख्त नजर आ रहा है। कलेक्टर नेहा मीना के निर्देश पर जिलेभर में प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं। इस दौरान कई स्थानों पर जांच कर नोटिस जारी किए गए हैं, वहीं कुछ जगहों से पटाखे जब्त करने के साथ प्रकरण भी दर्ज किए गए हैं।
कलेक्टर नेहा मीना ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए एसडीएम, तहसीलदार और थाना प्रभारियों की संयुक्त टीमें गठित कर कार्रवाई की जा रही है। पटाखा दुकानों और उनके आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर परिसर का सीमांकन कराया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की आशंका को रोका जा सके।
उन्होंने बताया कि दो लाइसेंस पिएसओ स्तर से जारी किए गए थे, जबकि दो लाइसेंस कलेक्टर स्तर से जारी हुए थे। कलेक्टर स्तर से जारी लाइसेंस के मामलों में संबंधित लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं। प्रशासन की टीमों ने मौके पर पहुंचकर जांच कर कार्रवाई की है। कई स्थानों पर जब्ती की गई है तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर प्रकरण भी दर्ज किए गए हैं।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि आमजन की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता है। पटाखों के संग्रहण, भंडारण और बिक्री में सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।