नीमच/मंदसौर। मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले के प्रमुख पर्यटन स्थल गांधीसागर में 18 नवंबर 2026 को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में प्रस्तावित कैबिनेट बैठक को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। ‘डेस्टिनेशन कैबिनेट’ के तहत होने वाली इस बैठक में मुख्यमंत्री सहित प्रदेश के कैबिनेट मंत्रियों के शामिल होने की संभावना है। आयोजन की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग सक्रिय हो गए हैं।
इसी क्रम में मंगलवार दोपहर कलेक्टर दिव्यांक सिंह और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना प्रशासनिक अधिकारियों के दल के साथ गांधीसागर पहुंचे। उनके साथ अपर कलेक्टर एकता जायसवाल, जिला पंचायत सीईओ अनुकूल जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बैठक से जुड़ी तैयारियों और व्यवस्थाओं का मौके पर निरीक्षण किया।
हेलीपैड, टेंट सिटी और रिजॉर्ट का किया निरीक्षण-
कलेक्टर दिव्यांक सिंह ने वीआईपी आवागमन, सुरक्षा और अतिथियों के ठहरने की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रस्तावित हेलीपैड, तैयार की जा रही टेंट सिटी और हिंगलाज रिजॉर्ट का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने आयोजन स्थल पर उपलब्ध सुविधाओं, आवागमन के मार्गों और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली।
अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश-
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की और सभी कार्य समय-सीमा में तथा समन्वय के साथ पूरे करने के निर्देश दिए। वहीं, पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा और वीआईपी मूवमेंट से जुड़ी तैयारियों का जायजा लिया।
गांधीसागर में प्रस्तावित कैबिनेट बैठक को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां जारी हैं। इस आयोजन के जरिए प्रदेश सरकार की बैठक एक प्रमुख पर्यटन स्थल पर आयोजित की जाएगी।