देवास। नवागत एसपी आदित्य मिश्रा का एक संवेदनशील चेहरा सामने आया है। पटाखा दुकानों के निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया, लेकिन इसी बीच अनाथालय के बच्चों और वृद्धाश्रम के बुजुर्गों के लिए ऐसी पहल की, जिसने सभी का दिल जीत लिया।
दीपावली के मद्देनजर एसपी आदित्य मिश्रा उज्जैन रोड स्थित एमआर-10 पर पटाखा दुकानों का निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने अग्निशमन यंत्र, पानी की व्यवस्था और सुरक्षा मानकों का जायजा लेते हुए दुकानदारों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के बाद एसपी ने दुकानदारों से अपील की कि अनाथालय के बच्चों को भी एक-एक पटाखा दिया जाए, ताकि उनकी दीपावली भी खुशियों से रोशन हो सके। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर पटाखों का भुगतान वे स्वयं करेंगे।
एसपी ने बताया कि वृद्धाश्रम में रहने वाले बुजुर्गों और अनाथालय के बच्चों के लिए देवास पुलिस लाइन में दीपावली मिलन समारोह आयोजित किया जाएगा, ताकि वे भी अपनों के बीच त्योहार की खुशियां महसूस कर सकें।
किसी के घर को रोशन करना आसान है, लेकिन किसी के चेहरे पर मुस्कान लाना बड़ी बात है। एसपी आदित्य मिश्रा की यह पहल संदेश दे रही है कि दीपावली की असली रोशनी तभी है, जब खुशियों में समाज का हर वर्ग शामिल हो।