देवास। त्योहारों के सीजन में लोगों को शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए देवास जिला प्रशासन ने मिलावटखोरों के खिलाफ सख्ती शुरू कर दी है। कलेक्टर नेहा मीना के निर्देश पर जिलेभर में मिठाई और खाद्य सामग्री बेचने वाले प्रतिष्ठानों पर लगातार जांच और कार्रवाई की जा रही है।
खाद्य विभाग, खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग और नापतौल विभाग की संयुक्त टीमें अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचकर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और तौल उपकरणों की जांच कर रही हैं। जांच के दौरान अब तक करीब साढ़े 10 क्विंटल अमानक मावा और उससे बनी मिठाइयां जब्त की जा चुकी हैं। संबंधित संचालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है।
जब्त किए गए अमानक मावे और मिठाइयों को ट्रेचिंग ग्राउंड पर ले जाकर विधिवत नष्ट कराया गया, ताकि ये खाद्य सामग्री बाजार में दोबारा लोगों तक न पहुंच सके।
प्रशासन का कहना है कि त्योहारों के दौरान मिलावट और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। जिलेभर में जांच अभियान लगातार जारी रहेगा।
प्रशासन की इस कार्रवाई का उद्देश्य त्योहारों पर आमजन की सेहत सुरक्षित रखना और मिलावटखोरों पर प्रभावी अंकुश लगाना है।