चित्तौड़गढ़। जन चेतना मंच की नवगठित जिला एवं नगर कार्यकारिणी की संयुक्त बैठक मंगलवार को मंच कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक प्रांतीय संरक्षक डॉ. आई.एम. सेठिया, प्रांतीय अध्यक्ष हेमंत शर्मा, प्रांतीय महामंत्री श्रीकांत शर्मा, जिला अध्यक्ष सत्यनारायण सिकलीगर, नगर अध्यक्ष सत्यनारायण शर्मा एवं नगर महामंत्री दिनेश खंडेलवाल के सानिध्य में सम्पन्न हुई। बैठक में जनसमस्याओं के समाधान, पर्यटन विकास, युवाओं को संगठन से जोड़ने और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।
जनसमस्याओं के समाधान के लिए मोबाइल वैन सेवा की मांग
बैठक में निर्णय लिया गया कि नगर परिषद से 108 सेवा की तर्ज पर मोबाइल वैन सुविधा शुरू करने की मांग की जाएगी। इसका उद्देश्य मोहल्लेवासियों की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करना है। इस सुविधा के माध्यम से सफाई, सड़क एवं नाली मरम्मत, गड्ढे भरने और पेड़ों की डालियों की कटाई जैसी समस्याओं के समाधान के लिए टीम को मौके पर भेजा जा सकेगा।
विद्यार्थियों को कराएंगे पैनोरमा और दुर्ग दर्शन
पर्यटन विकास एवं विद्यार्थियों को स्थानीय इतिहास और संस्कृति से जोड़ने के उद्देश्य से स्कूलों से संपर्क कर बच्चों के लिए पैनोरमा और चित्तौड़गढ़ दुर्ग दर्शन कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही युवाओं को संगठन से जोड़ने के लिए व्यक्तित्व विकास प्रशिक्षण, सदस्यता अभियान और शाखा विस्तार पर भी जोर दिया गया।
सड़क सुरक्षा को लेकर चलाएंगे जागरूकता अभियान
बैठक में सड़क सुरक्षा के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। इसके तहत दोपहिया वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने, हेलमेट पहनने और चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट लगाने के लिए लोगों को प्रेरित किया जाएगा।
बैठक में सदस्य कुमार अशोक, नरेश मेनारिया, गोविंद सोनी, सत्यनारायण चेचानी, रतनलाल बोहरा, कल्याणमल आगाल, राधेश्याम लढ़ा, राजेश शर्मा, शंभूदयाल गुप्ता, प्रहलाद हेड़ा, रमेश पारीक, निर्भय शंकर जोशी, नंदकिशोर पारीक, मुकेश सुथार एवं वंदना वजीरानी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में नियमित मासिक बैठक आयोजित करने, सदस्यता एवं शाखा विस्तार को गति देने तथा शीघ्र ही दीपावली मिलन समारोह आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया। बैठक का संचालन एवं आभार प्रदर्शन नगर महामंत्री दिनेश खंडेलवाल ने किया।