मंदसौर। दीपावली पर्व को देखते हुए शहर के कॉलेज मैदान स्थित पटाखा बाजार का प्रशासनिक अधिकारियों ने निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान एसडीएम, सीएसपी, वाय.डी. नगर थाना प्रभारी सहित संबंधित अधिकारियों की टीम मौजूद रही।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पटाखा बाजार में दुकानों की व्यवस्था, अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता, पानी की व्यवस्था, दुकानों के बीच निर्धारित दूरी और सुरक्षा मानकों का बारीकी से निरीक्षण किया। अधिकारियों ने दुकानदारों को सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए।
सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं-
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पटाखा बाजार में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी दुकानदारों को अग्नि सुरक्षा के नियमों का पालन करने तथा दुकानों के पास बालू, पानी और अग्निशमन यंत्र अनिवार्य रूप से उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में वाहनों के आवागमन और पार्किंग व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि बाजार में खरीदारी के दौरान आमजन को परेशानी न हो और किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
आमजन से सावधानी बरतने की अपील-
प्रशासनिक अधिकारियों ने आमजन से भी अपील की है कि दीपावली पर पटाखे चलाते समय विशेष सावधानी बरतें। बच्चों को पटाखे चलाते समय अकेला न छोड़ें और सुरक्षा नियमों का ध्यान रखते हुए त्योहार मनाएं। अधिकारियों ने सुरक्षित एवं सावधानीपूर्वक दीपावली मनाने का संदेश दिया।