चित्तौड़गढ़। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की ओर से शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए अंबेडकर डीबीटी वाउचर योजना के तहत आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। योजना के अंतर्गत जिला मुख्यालय स्थित राजकीय महाविद्यालयों में स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में अध्ययनरत पात्र विद्यार्थियों को किराये पर आवास की सुविधा के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। इच्छुक विद्यार्थी 30 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
इन वर्गों के विद्यार्थी होंगे पात्र-
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक चन्द्र प्रकाश जीनगर ने बताया कि योजना का लाभ आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग, अन्य पिछड़ा वर्ग, अति पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के पात्र छात्र (केवल बालक) प्राप्त कर सकेंगे।
इसके लिए विद्यार्थी का जिला मुख्यालय पर स्थित राजकीय महाविद्यालय में कला, विज्ञान अथवा वाणिज्य संकाय के स्नातक या स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम में अध्ययनरत होना आवश्यक है। साथ ही विद्यार्थी घर से दूर किसी अन्य स्थान पर किराये का कमरा लेकर पढ़ाई कर रहा हो तथा योजना के तहत निर्धारित आय सीमा और अन्य पात्रता शर्तों को पूरा करता हो।
अधिकतम 10 माह तक मिलेगी 2 हजार रुपये प्रतिमाह सहायता-
योजना के तहत पात्र विद्यार्थियों को महाविद्यालय में प्रवेश की तिथि से मार्च 2027 तक अधिकतम 10 माह के लिए 2,000 रुपये प्रतिमाह की आर्थिक सहायता दी जाएगी। यह राशि किराये पर आवास की सुविधा के लिए उपलब्ध कराई जाएगी।
एसएसओ आईडी या ई-मित्र के माध्यम से करें आवेदन-
पात्र एवं इच्छुक विद्यार्थी अपनी एसएसओ आईडी अथवा नजदीकी ई-मित्र केंद्र के माध्यम से एसजेएमएस-एसएमएस पोर्टल पर अंबेडकर डीबीटी वाउचर योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 30 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है।